Thursday, 11 July 2013

Full many a gem.............

                       
                        आप सब जानते ही हैं कि कल का भारत आज के छात्र -छात्राओं के द्वारा ही निर्मित होना है। इस देश नें यदि अपने आपको पश्चिमी चकाचौंध में भटका दिया तो एक छिछले प्रकार का सुख भले ही मिलता दिखायी पड़े पर उससे उन महान राष्ट्रीय मूल्यों का विकास होना सम्भव नहीं है जो भारत को एक बार फिर से विश्व के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रों में स्थान दिला सके। दुर्भाग्य ही है कि स्वतंत्रता के छह दशक के ऊपर की अवधि में प्रतिभा और चरित्र का आदर्श समन्वय नहीं हो सका और विकास की दिशा एकाँगी हो गयी है। दार्शनिक राधाकृष्णन ने ठीक ही कहा है कि हम विश्वविद्यालीय शिक्षा में भले ही डाक्ट्रेट कर रहें हो पर मानव मूल्यों की शिक्षा में इस राष्ट्र का अधिकाँश शिक्षित वर्ग अभी प्रारम्भिक अवस्था में ही  है । पायनियर इंटरनेशनल क्लब इस दिशा में कुछ सक्रिय कार्यक्रम ले कर आया है और इस क्लब के सदस्य उभरती प्रतिभाओं की तलाश में हैं जिन्हें प्रोत्साहित कर रचनात्मक मानव मूल्य स्थापना की ओर प्रेरित किया जा सके। इस दिशा में जो आदरणीय शिक्षक बन्धु प्रचार से दूर रहकर सक्षम भूमिका निभा रहें हैं उन्हें भी सम्मानित करने का कार्यक्रम हमारी बहुस्तरीय योजना का एक आवश्यक अंग है।
                     हम निस्सार और खोखली बातों में विश्वाश नहीं करते। रचनात्मक कर्मशैली ही हमारी सामूहिक चेतना का प्रेरणाश्रोत है। मुझे इस बात का विश्वाश है कि पायंनियर इंटरनेशनल क्लब का प्रत्येक सदस्य तथा पदाधिकारी नि : स्वार्थ भावना लेकर ही इस क्लब से जुड़ा है । पायनियर इन्टरनेशनल क्लब में जो भी बन्धु समाज के प्रति समर्पण की सच्ची भावना से जुडना चाहें उनका क्लब स्वागत करेगा। क्लब की अन्य  योजनाओं में रक्त दान शिविर ,नि :शुल्क परामर्श चिकित्सा व्यवस्था तथा तकनीकी और प्रोद्योगकीय मार्ग दर्शन व्यवस्थाओं का भी प्राविधान किया जा रहा है। शीघ्र ही इन सबकी विस्तृत सूचनायें आप तक पहुंचेगीं।
                   मैं और अधिक कुछ न कहकर टामस ग्रे की वो पंक्तियाँ दोहराऊँगा जिसमें उन्होंने कहा है कि न जाने कितने रत्न समुद्र की अंन्धेरी अंतराल गुफाओं में छिपे हैं और न जाने कितने पुष्प मरुस्थल में छिपकर अपनी महक रेत के अम्बारों में खो देते हैं।
             " Full many a Gem of  purest ray serene the dark unfathomed caves of ocean bear full many a flower is born to blush unseen and waste its fragrance in the desert air "
                      तो आइये इन रत्नों को खोजें , इन फूलों को तलाशें और इनकी चमक और सुगन्ध दूर -दूर तक पहुचावें। 

No comments:

Post a Comment